BREAKING NEWS
2026-10-17

उज्जैन में मकान में भीषण आग, पांच लोग सीढ़ियों से सुरक्षित निकाले

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, उज्जैन।

उज्जैन के अलखनंदा नगर में सोमवार रात करीब एक बजे अनमोल मोगा के मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण मकान में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया। धुआं और लपटें देखकर आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए।

Advertisement

सूचना मिलने पर नानाखेड़ा पुलिस और दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। नानाखेड़ा टीआई नरेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दमकलकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया।

पुलिस और दमकलकर्मियों ने सीढ़ियों की मदद से पहली मंजिल पर फंसे परिवार के पांच सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें अनमोल मोगा, आयुष मोगा, महक, दीवान और मीना शामिल थे।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस आग से करीब चार से पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।

सड़क हादसे में युवक की मौत, परिजनों ने दोस्तों को पीटा

उज्जैन में सोमवार रात करीब 10 बजे गरोठ रोड स्थित पंवासा ब्रिज पर एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार युवक शैलेंद्र सिंह की मौत हो गई। मृतक की पहचान छायानगर निवासी 40 वर्षीय शैलेंद्र सिंह पुत्र राजेंद्र कुशवाह के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, शैलेंद्र सोमवार को अपने दोस्त राम लोहार और लक्की धाकड़, जो लक्ष्मीनगर के निवासी हैं, के साथ करोंदिया में पोल्ट्री फार्म के लिए जमीन देखने गया था। शैलेंद्र पोल्ट्री फार्म के लिए जमीन तलाश रहा था। तीनों रात करीब 10 बजे लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही कार ने शैलेंद्र की स्कूटी को टक्कर मार दी।

हादसे में शैलेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन के अनुसार, राहगीरों ने शैलेंद्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कुछ देर बाद राम और लक्की अस्पताल पहुंचे। शैलेंद्र के स्वजन ने दोनों पर शैलेंद्र को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाने का आरोप लगाते हुए चरक अस्पताल में उनकी पिटाई कर दी।

सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार जब्त कर उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।