BREAKING NEWS
2026-08-14

उज्जैन में नौवीं कक्षा के छात्र ने सहपाठी पर नुकीली चीज से हमला किया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, उज्जैन।

मंगलवार सुबह उज्जैन के व्यायामशाला की गली स्थित संत मीरा कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा नौवीं के दो छात्रों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान एक छात्र ने दूसरे छात्र पर नुकीली चीज से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और घायल छात्र को उपचार के लिए चरक अस्पताल पहुंचाया गया। खाराकुआं थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे स्कूल में लंच के दौरान कक्षा नौवीं के शिक्षक क्लासरूम से बाहर थे। इसी समय कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र का दूसरे छात्र से विवाद हुआ। आरोप है कि एक छात्र ने दूसरे पर नुकीली चीज से हमला किया था।
घटना के बाद नुकीली चीज मारने वाला छात्र क्लासरूम से भाग गया। शिक्षकों को जानकारी मिली तो वे तत्काल कक्षा में पहुंचे और घायल छात्र को चरक अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर खाराकुआं थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।
एएसआई अजय माथुर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घायल छात्र के बयान दर्ज करने अस्पताल पहुंचे थे। छात्र ने पुलिस को बताया कि आरोपी काफी समय से कक्षा में अपना प्रभाव जमाने के लिए उसे डराता-धमकाता था।
छात्र के बयान के अनुसार, पूर्व में भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी बात को लेकर मंगलवार को विवाद हुआ और आरोपी ने उस पर हमला कर दिया।

Advertisement

शिप्रा नदी में युवक डूबा

उज्जैन में शिप्रा नदी में देर रात स्नान करने के दौरान एक 28 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। यह घटना महाकाल थाना क्षेत्र के रामघाट की है।
पुलिस के अनुसार, काला पत्थर क्षेत्र में रहने वाला जय पुत्र राजू सिसोदिया लाइट का काम करता था। सोमवार रात करीब 11 बजे वह अपने पांच दोस्तों के साथ शिप्रा नदी में स्नान करने के लिए रामघाट पहुंचा था।
नहाने के दौरान जय अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके साथियों ने शोर मचाया तो घाट पर मौजूद तैराकों ने उसकी तलाश शुरू की।
करीब दो घंटे बाद देर रात लगभग दो बजे युवक का शव नदी से बाहर निकाला जा सका। सूचना मिलने पर महाकाल थाना पुलिस और मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना देर रात नदी में स्नान के दौरान होने के कारण पुलिस को कुछ संदेह है।
इसी के चलते पुलिस ने जय के साथ गए पांच युवकों को पूछताछ के लिए थाने पर बैठाया है। पुलिस का कहना है कि दोस्तों से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक नदी में कैसे डूबा।