बुलंद सोच, विदिशा।

नटेरन विकासखंड के ग्राम पिपलधार स्थित शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा छठवीं और सातवीं की छात्राओं की बेंत से पिटाई के आरोपों में घिरे सामाजिक विज्ञान के शिक्षक रामप्रसाद अहिरवार को शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी प्रारंभ कर दी गई है।
छात्राओं द्वारा इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर शिकायत किए जाने के बाद यह मामला सामने आया। वीडियो में छात्राओं ने आरोप लगाया था कि सामाजिक विज्ञान के शिक्षक रामप्रसाद अहिरवार छोटी-छोटी गलतियों पर भी बेंत से पिटाई करते हैं।
शिकायत सामने आने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी राकेश सेन ने विद्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। जांच में मारपीट की शिकायतें सही पाई गईं।
जांच के दौरान करीब 11 छात्राओं ने शिक्षक द्वारा बेंत से मारपीट किए जाने की पुष्टि की।
छात्राओं ने यह भी कहा कि वे अब संबंधित शिक्षक से पढ़ाई नहीं करना चाहतीं। ग्राम सरपंच ने भी शिक्षक के व्यवहार को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक को निलंबित करने तथा विभागीय जांच शुरू करने की अनुशंसा की थी।
जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने यह प्रतिवेदन संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण भोपाल संभाग को भेजा। इसके बाद गुरुवार को संयुक्त संचालक ने शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नटेरन निर्धारित किया गया है।
संबंधित शिक्षक की सेवानिवृत्ति में अभी लगभग डेढ़ वर्ष का समय शेष है।

