BREAKING NEWS
2026-08-10

इंदौर में जिलाबदर गुंडे और प्रेमिका ने डिलीवरी ब्वॉय को लूटा, युवती गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

रावजी बाजार थाना से जिलाबदर एक गुंडे और उसकी प्रेमिका ने एक डिलीवरी ब्वॉय को लूट लिया। घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई और युवती को स्कूटर सहित पकड़ लिया।

Advertisement

यह घटना अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र अंतर्गत फूटी कोठी रोड पर गुरुवार रात पौने तीन बजे की है।

फूड सप्लाई कंपनी का डिलीवरी ब्वॉय पीयूष ऑर्डर लेकर हवा बंगला की ओर जा रहा था। स्कूटर सवार एक युवक और युवती ने महूनाका से उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आवाज लगाने पर पीयूष को शक हुआ।

आरोपितों ने करीब दो किमी तक पीछा करने के बाद फूटी कोठी के समीप ओवरटेक कर पीयूष को रोक लिया। युवती स्कूटर चला रही थी। उसने पीयूष को कस कर पकड़ लिया। उसके साथी ने कमर में छुपा कर रखा चाकू निकाला और पीयूष को मारने दौड़ा।

पीयूष ने मशक्कत से खुद को छुड़वाया और गाड़ी छोड़कर भाग गया। युवक स्कूटर लेकर फरार हो गया।

कुछ देर बाद डायल-112 की पुलिस मौके पर पहुंच गई। द्वारकापुरी टीआई मनीष मिश्र भी बल लेकर आ गए। पुलिस ने द्वारकापुरी और सुदामानगर में घेराबंदी कर युवती को 60 फीट रोड से पकड़ लिया।

पकड़ी गई युवती का नाम पलक वर्मा निवासी रावजी बाजार है। वह शराब के नशे में थी। फरार आरोपित प्रिंस पुत्र आनंद विसनार निवासी गाड़ी अड्डा रावजी बाजार है।

प्रिंस के विरुद्ध रावजी बाजार, जूनी इंदौर और भंवरकुआं थाना में गंभीर अपराध पंजीबद्ध हैं। प्रिंस को एक महीने पूर्व ही जिलाबदर किया गया था।

इसके बाद भी आरोपित शहर में ही अपराध कर रहा था। पुलिस ने उसकी निगरानी नहीं की और प्रति शनिवार होने वाली कॉम्बिंग गश्त में भी उसे चेक नहीं किया गया।

पलक ने बताया कि दोनों ने रात में शराब पी थी। इसके बाद वे विभिन्न जगहों पर घूमते रहे। दोनों वारदात के इरादे से ही महूनाका की ओर आए थे।

टीआई हित गोपाल यादव के अनुसार, आरोपित प्रिंस की तलाश की जा रही है। रावजी बाजार पुलिस को भी सूचना भेजी गई है।