बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर पुलिस द्वारा ड्रग्स मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना और भरत को बार-बार पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है।
इस कार्रवाई से नाराज कांग्रेस के पूर्व विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने अब आंदोलन की तैयारी की है।
सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकारी तंत्र का खुला दुरुपयोग कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि दतिया उपचुनाव में जनता ने भाजपा सरकार के अहंकार को करारा जवाब देकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि सत्ता का दुरुपयोग और लोकतंत्र का दमन अब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वर्मा के अनुसार, जनता ने भाजपा को आईना दिखाया है, लेकिन सरकार सबक लेने के बजाय विपक्ष को कुचलने में लगी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस के खिलाफ कांग्रेस के विधायक एकजुट हैं और एक बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि यदि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी, उनके परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इसी प्रकार बेवजह प्रताड़ित किया जाता रहा, तो एक दर्जन से अधिक कांग्रेस विधायकों का प्रतिनिधिमंडल इंदौर पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करेगा।
यह प्रतिनिधिमंडल पुलिस कमिश्नर से पूछेगा कि आखिर किस राजनीतिक दबाव में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इंदौर पुलिस कमिश्नर की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला और राजनीतिक प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा, तो कांग्रेस इंदौर पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव करेगी।
वर्मा ने आगे कहा कि यदि भाजपा सरकार ने दमनकारी रवैया नहीं छोड़ा, तो हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता इंदौर से उज्जैन तक पैदल मार्च निकालकर मुख्यमंत्री के शासकीय आवास का घेराव करेंगे।

