BREAKING NEWS
2026-08-10

इंदौर में न्यायविदों का दो दिवसीय पश्चिम क्षेत्रीय सम्मेलन, CJI सूर्यकांत शामिल होने पहुंचे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में 8 और 9 अगस्त को दो दिवसीय पश्चिम क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली, मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर और मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है।

यह सम्मेलन ‘एन्हांसिंग एक्सेस टू जस्टिस’ विषय पर केंद्रित है। इसका उद्घाटन भारत के मुख्य न्यायाधीश तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के संरक्षक-प्रमुख जस्टिस सूर्यकांत द्वारा किया जाएगा।

Advertisement

इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में भारत के मुख्य न्यायाधीश सहित सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न उच्च न्यायालयों के न्यायाधीश, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्र सरकार के कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), विधिक सेवा प्राधिकरणों के वरिष्ठ पदाधिकारी, न्यायिक अधिकारी और कई अन्य प्रतिष्ठित नागरिक हिस्सा लेंगे।

इस गरिमामयी आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस विक्रम नाथ, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश तथा गोवा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के पर्यवेक्षण न्यायाधीश जस्टिस मनमोहन एवं सुप्रीम कोर्ट के अन्य न्यायाधीश भी सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम के पहले दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से शिरकत करेंगे।

सम्मेलन के दौरान केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश तथा मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के संरक्षक-प्रमुख जस्टिस विवेक रूसिया, मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस आनंद पाठक एवं वेस्ट जोन के विभिन्न राज्यों के हाईकोर्ट न्यायाधीश भी उपस्थित रहेंगे।

भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत पश्चिम क्षेत्रीय सम्मेलन में शामिल होने के लिए शुक्रवार रात इंदौर पहुंचे।

इंदौर आगमन पर मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने उनकी अगवानी की। भार्गव ने कहा कि इंदौर की धरती पर मुख्य न्यायाधीश का स्वागत और उनका सान्निध्य शहर के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन इंदौर, मध्यप्रदेश के अध्यक्ष मनीष यादव ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया न्यायमूर्ति सूर्यकांत के प्रथम इंदौर आगमन पर देवी अहिल्या विमानतल पहुंचकर उनका स्वागत किया।