BREAKING NEWS
2026-08-12

पूर्व टीआई शेर सिंह बड़ोनिया कांग्रेस में शामिल, नरोत्तम मिश्रा की हार पर जताई खुशी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, दतिया।

दतिया में महिला कांग्रेस नेत्री रचना सिंह और उनके पति पूर्व टीआई शेर सिंह बड़ोनिया द्वारा नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह तथा नवनियुक्त कांग्रेस प्रदेश महासचिव अवधेश नायक के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसी मंच पर शेर सिंह बड़ोनिया ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा पर खुलकर निशाना साधा।

Advertisement

पुलिस सेवा और स्वाभिमान की कहानी

शेर सिंह बड़ोनिया ने अपनी पुलिस सेवा के दिनों से लेकर सेवा से बाहर किए जाने तक की कहानी सुनाई। उन्होंने राजनीतिक दबाव, विभागीय कार्रवाई और अपने साथ हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि उन्हें 25 मिनट के भीतर सेवा से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। बड़ोनिया ने कहा कि उन्होंने इसे केवल नौकरी का मामला नहीं माना, बल्कि अपने स्वाभिमान की लड़ाई समझा। इसी वजह से उन्होंने राजनीति में आने का फैसला किया।

दतिया में माहौल और 2023 चुनाव पर टिप्पणी

कार्यक्रम में बड़ोनिया ने आरोप लगाया कि वर्ष 2008 के बाद दतिया में ऐसा माहौल बनाया गया, जिसमें भाई-भाई और बेटा-बाप तक एक-दूसरे के विरोधी हो गए। उन्होंने यह भी कहा कि एक दौर में अपराध और आतंक पर शासन का नियंत्रण था, लेकिन बाद के वर्षों में हालात बदलते चले गए। 2023 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए बड़ोनिया ने कहा कि जब डॉ. नरोत्तम मिश्रा चुनाव हार गए और उनके नाम के आगे ‘पूर्व’ लगा तो उन्हें खुशी हुई थी। उन्होंने उस समय लोगों में बदलाव को लेकर उत्साह साफ दिखाई देने की बात कही।

कार्यक्रम में स्वागत और बैनर विवाद

कार्यक्रम में बड़ोनिया ने पहले विधायक घनश्याम सिंह और अवधेश नायक का स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने भी बड़ोनिया का माला पहनाकर स्वागत किया और उनके कांग्रेस में शामिल होने की औपचारिक घोषणा की। इस आयोजन के दौरान लगाए गए बैनर की प्रथम पंक्ति में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय नेताओं की तस्वीरों के बीच प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का फोटो नजर न आने को लेकर भी चर्चा बनी रही।