BREAKING NEWS
2026-08-10

अनवर डकैत ने जम्मू कश्मीर में ठेकेदार बनकर बनवाया शस्त्र लाइसेंस

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

कुख्यात बदमाश अनवर कादरी उर्फ अनवर डकैत ने जम्मू कश्मीर में ठेकेदार बनकर शस्त्र लाइसेंस बनवाना स्वीकारा है। उसने लाइसेंस बनवाने के लिए आतंकियों से जान का खतरा बताया था। सदर बाजार पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे सात दिन का पुलिस रिमांड लिया है। पुलिस उससे एजेंट और मददगारों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Advertisement

आपराधिक इतिहास और राजनीतिक प्रवेश

सदर बाजार टीआई पीएल शर्मा के अनुसार, अनवर डकैत के खिलाफ 27 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका पहला अपराध साल 1997 में संयोगितागंज थाना में दर्ज हुआ था। उस वक्त अनवर ऑटो रिक्शा चलाता था और मदीना नगर (आजाद नगर) में रहता था। अनवर ने बाद में प्रॉपर्टी संबंधित काम शुरू किया। एक कांग्रेस नेता की मदद से उसने राजनीति में कदम रखा। उसने कांग्रेस से पार्षद का चुनाव लड़ा और नगर निगम में पहुंचा।

फर्जी दस्तावेजों से शस्त्र लाइसेंस

टीआई के अनुसार, आरोपित ने साल 2008 में रामबन से शस्त्र लाइसेंस बनवाया था। पूछताछ में अनवर ने बताया कि लाइसेंस के लिए दस्तावेजों में खुद को सड़क ठेकेदार बताया था। लाइसेंस की प्रक्रिया एजेंट के माध्यम से पूरी की गई थी। टीआई ने यह भी बताया कि अनवर कई बातें छुपा रहा है।

'लव जिहाद' फंडिंग मामले से खुला राज

अनवर के विरुद्ध पिछले साल बाणगंगा थाना में ‘लव जिहाद’ के आरोपितों को फंडिंग करने के मामले में गिरफ्तारी की गई थी। इस मामले में आरोपित साहिल ने उसका नाम बताया था। इसके बाद उसके शस्त्र लाइसेंस की जांच की गई। रामबन जिला प्रशासन की रिपोर्ट मिलने के बाद उस पर मामला दर्ज किया गया। अनवर ने एक महीने पूर्व जमानत ले ली थी और पुलिस को उसकी जमानत की भनक तक नहीं लगी थी।