बुलंद सोच, रतलाम।

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर रतलाम रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए एक नाइजीरियाई महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। महिला के कब्जे से 2 किलोग्राम एम्फेटामाइन बरामद की गई।
डीआरआई ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि नई दिल्ली से मुंबई जा रही ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला अपने सामान में मादक पदार्थ छिपाकर ले जा रही थी।
सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने गुरुवार को रतलाम जंक्शन पर महिला की पहचान कर उसे रोका और उसके ट्राली बैग की गहन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्राली बैग में विशेष रूप से बनाई गई गुप्त कैविटी (छिपा हुआ खांचा) मिली।
इस कैविटी से भूरे रंग के प्लास्टिक पैकेट में रखा सफेद रंग का क्रिस्टलीय पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर फील्ड टेस्टिंग किट से जांच करने पर यह पदार्थ एम्फेटामाइन पाया गया।
इसके बाद डीआरआई ने करीब 2 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त कर लिया।
अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ का स्रोत क्या था, इसके पीछे कौन-सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है तथा मुंबई में इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।
एम्फेटामाइन: एक सिंथेटिक उत्तेजक
एम्फेटामाइन एक सिंथेटिक उत्तेजक मादक पदार्थ है, जो मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है। इसका दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है और इसकी लत तेजी से लग सकती है। लगातार सेवन से मानसिक विकार, उच्च रक्तचाप, हृदय संबंधी गंभीर बीमारियां और अन्य स्वास्थ्य जोखिम बढ़ जाते हैं।
भारत में ड्रग तस्करी नेटवर्क
हाल के वर्षों में डीआरआई, एनसीबी और राज्य पुलिस ने एम्फेटामाइन तथा अन्य सिंथेटिक ड्रग की तस्करी के कई अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा किया है। भारत को कभी-कभी ट्रांजिट रूट और कभी-कभी अवैध निर्माण स्थल के रूप में भी इस्तेमाल करने की कोशिश की जाती है।

