बुलंद सोच, भोपाल।

रक्षाबंधन से पहले भोपाल के बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में हजारों किलो संदिग्ध घी, पनीर और मावा जब्त किया गया है। विभाग ने घी में मिलावट की आशंका पर पूरा स्टॉक जब्त किया, वहीं प्रयोगशाला जांच में पनीर और मावा मानकों से नीचे पाए गए हैं। अलग-अलग कार्रवाइयों में लगभग 25 क्विंटल घी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹14 लाख बताई गई है। पटेल नगर स्थित श्रीराम डिस्ट्रीब्यूटर्स से करीब 2,095 किलो/लीटर संदिग्ध घी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹12.66 लाख है। करोंद के प्रोस्पेरिटी टेक से लगभग 938 किलो घी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब ₹5.50 लाख बताई गई है। इस प्रतिष्ठान के पास खाद्य लाइसेंस भी नहीं मिला। भानपुर स्थित नर्मदा सेल्स कारपोरेशन से करीब 1,500 किलो घी जब्त किया गया है। इस दौरान विभिन्न ब्रांडों के 10 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। खाद्य विभाग निर्माता से लेकर सुपर स्टॉकिस्ट, डिस्ट्रीब्यूटर और रिटेलर तक पूरी सप्लाई चेन की जांच कर रहा है।
पनीर और मावा में मिलावट की पुष्टि
मंगलवारा स्थित आनंद मावा भंडार से लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट में पनीर में पाम ऑयल अथवा अन्य वनस्पति वसा की मिलावट की प्रबल संभावना सामने आई है। मावे के नमूने असुरक्षित पाए जाने के बाद इस प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी का बयान
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक ने बताया कि जिले में मिलावट के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान अब तक बड़ी मात्रा में मिलावट की आशंका पर घी, मावा और पनीर जब्त किया गया था। पावक ने आगे कहा कि इनके नमूने जांच के लिए भेजे गए थे और जिनकी रिपोर्ट मिल गई है, उनमें मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

