BREAKING NEWS

बालाघाट में बाघ के हमले से युवक गंभीर रूप से घायल, दो बाल-बाल बचे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बालाघाट।

कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन वन मंडल अंतर्गत खापा परिक्षेत्र के कुमादेही बीट के ग्राम मालखेड़ी में जंगल किनारे एक बाघ ने तीन से चार लोगों को दौड़ाया। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

Advertisement

घायल व्यक्ति राजकुमार परते (40) को सिविल अस्पताल बैहर में भर्ती कराया गया है। राजकुमार परते पर बाघ द्वारा किए गए इस हमले के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

शुक्रवार सुबह मालखेड़ी निवासी राजकुमार परते, गर्जन सिंह और अमृत सिंह जंगल की ओर गए थे। तभी बाघ ने पहले अमृत सिंह और गर्जन सिंह को दौड़ाया, जिससे वे दोनों भाग निकले।

हालांकि, बाघ ने राजकुमार परते पर हमला कर दिया। राजकुमार परते घायल अवस्था में किसी तरह अपनी जान बचाकर गांव तक पहुंचे और घटना की जानकारी अपने परिवार व गांव के लोगों को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल बैहर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। इस हमले से पूर्व, सुबह ही बाघ ने चार अन्य लोगों पर हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन वे भी किसी तरह भाग निकलने में सफल रहे।

बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर बाघ के हमले की यह तीसरी घटना है। ग्रामीणों ने जानकारी दी कि क्षेत्र में बाघों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे खेतों और जंगल की ओर जाने में लोगों को डर लग रहा है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने, बाघ की लगातार निगरानी करने और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

जनपद पंचायत अध्यक्ष सम्मल सिंह धुर्वे ने बताया कि यह क्षेत्र कान्हा का बफर जोन है, जिसके कारण यहां बाघों की संख्या अधिक है।

उन्होंने यह भी बताया कि 2 अगस्त की रात में पर्रापुर स्कूलटोला में एक मकान में घुसकर बाघिन ने सुगनी बाई धुर्वे का शिकार कर लिया था। इस घटना के बाद वन विभाग ने बाघिन का रेस्क्यू कर उसे वन विहार भोपाल भेज दिया था।

जनपद पंचायत अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अब दूसरे बाघ लोगों पर हमला कर रहे हैं और वनकर्मी घटना के बाद से ठीक तरीके से गश्ती नहीं कर रहे हैं।

बीएमओ डॉ. अनंत लिल्हारे ने बताया कि बाघ के हमले से घायल राजकुमार परते को नाक और आंख के नीचे चोटें आई हैं। उनकी हालत अभी ठीक है और वह खतरे से बाहर हैं।

डॉ. लिल्हारे ने पुष्टि की कि मालखेड़ी में तीन से चार लोग जंगल तरफ गए थे, तभी बाघ ने उनमें से एक पर हमला कर घायल कर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि घायल का इलाज बैहर अस्पताल में चल रहा है और उसके इलाज का पूरा खर्चा वन विभाग वहन करेगा।

कान्हा टाइगर रिजर्व, मलाजखंड अनुभाग के एसडीओ सुनील कुमार पंद्रे ने जानकारी दी कि फिलहाल आसपास के क्षेत्र में मुनादी कराकर गश्त बढ़ा दी गई है।

जबलपुर के मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है।