BREAKING NEWS

बालाघाट में दोस्त की टाटा पंच कार चोरी, चार कॉलेज विद्यार्थी गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बालाघाट।

बालाघाट कोतवाली पुलिस ने एक कार चोरी के मामले में चार आरोपित कॉलेज विद्यार्थियों को गिरफ्तार किया है। इन विद्यार्थियों ने लग्जरी जीवन जीने और अपने शौक पूरे करने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया था। गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा और कोतवाली थाना प्रभारी अजय गुर्जर ने इस घटना के संबंध में जानकारी दी।

Advertisement

प्रार्थी शिवायु पटले, जो मंडला निवासी हैं और वर्तमान में भटेरा बालाघाट में रहते हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई की रात उनके घर के सामने खड़ी टाटा पंच कार क्रमांक एमपी 51 जे 0469 चोरी हो गई थी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की। इसके परिणामस्वरूप, ग्राम अमोली से चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया और चोरी गई कार बरामद कर ली गई।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपित धनेश उर्फ लक्की उर्फ राजा कटरे प्रार्थी का करीबी मित्र है। उसने अपने महंगे शौक पूरे करने की नीयत से पहले ही फरियादी की कार की नकली चाबी तैयार करवा ली थी। वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से घर के सामने खड़ी कार को चुराकर बेचने की फिराक में था।

पुलिस ने इस मामले में धनेश उर्फ लक्की उर्फ राजा कटरे के साथ कपिल चौधरी, अनुराग सोनावणे और आशीष रिनायत को गिरफ्तार किया है। इस खुलासे में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अजय सिंह गुर्जर, सउनि. भुनेश ठाकरे, प्रआर. गजेंद्र माटे, प्रआर. रामकिशोर पटले, प्रआर. नंदकिशोर टेकाम, आर. शेख शहजाद, प्रियांक श्रीवास, ईश्वरचंद विद्यासागर और साइबर सेल आर. जय भगत की अहम भूमिका रही।