बुलंद सोच, बाग।

कक्षा छठी की दो छात्राएं बुधवार को धार जिले के बाग ब्लॉक स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका छात्रावास भमोरी से अचानक बिना बताए निकल गईं। वे लगभग आठ किलोमीटर पैदल चलकर अपने गांव कनेरी पहुंचीं।
जहरीली दवा का सेवन और उपचार
घर पहुंचने के बाद एक छात्रा ने पानी में मिलाकर जहरीली दवा पी ली। स्वजन उसे तत्काल मनावर अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद शुक्रवार को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।
घटना का खुलासा और कारण
छात्रावास वार्डन मयतूल बघेल ने बताया कि स्कूल के बाद छात्राओं की गिनती के दौरान दोनों के गायब होने का पता चला, जिसके बाद स्वजन को सूचना दी गई। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि दोनों छात्राएं हाल ही में छात्रावास में भर्ती हुई थीं और परिवार से दूर रहने के कारण उनमें छात्रावास में रहने की इच्छा नहीं बन पा रही थी। दोनों सहेलियां हैं और एक छात्रा दूसरी को साथ लेकर गांव चली गई थी। छात्रा के पिता प्रताप ने छात्रावास की व्यवस्थाओं पर किसी तरह की शिकायत से इनकार किया। उन्होंने कहा कि बच्ची पहली बार घर से दूर रह रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से असहज हो सकती है। खंड स्रोत समन्वयक धर्मेंद्र ठाकुर ने बताया कि बालिका से कल उसके घर जाकर चर्चा होगी, जिससे वस्तुस्थिति का पूरी तरह से पता लगेगा।
मनावर में किशोरी की मौत की जांच
मनावर नगर में 14 वर्षीय किशोरी की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार, डॉ. सचिन पाटीदार के हस्ताक्षरयुक्त मृत्यु संबंधी प्रथम सूचना पत्र थाने में प्रस्तुत किया गया था। तहरीर के अनुसार, 14 वर्षीय मृतिका को सिविल अस्पताल लाया गया था। पुलिस ने चिकित्सकीय तहरीर पर मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
शासकीय छात्रावासों के इंतजाम पर जोर
शासकीय छात्रावासों के इंतजाम सुधारने और विद्यार्थियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया जा रहा है।

