बुलंद सोच, बालाघाट।
बालाघाट जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजेगांव में बुधवार देर रात एक सराफा व्यापारी से लूट की घटना सामने आई है। रात लगभग 10 बजे अज्ञात बदमाशों ने सराफा व्यापारी गेंदलाल करंडे पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और सोने-चांदी से भरे दो बैग लेकर फरार हो गए।
व्यापारी के अनुसार, इन बैगों में लगभग दो करोड़ रुपये के जेवर और नकदी थी।
किरनापुर थाना प्रभारी राजकुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गेंदलाल करंडे की रजेगांव में सागर नाम से ज्वेलरी की दुकान है।
वह रोज की तरह दुकान बढ़ाकर जेवर, रजिस्टर और नकदी से भरे बैग लेकर अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी दो बाइक पर आए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया।
घायल गेंदलाल करंडे का उपचार किरनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही किरनापुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि 29 जून को लांजी के सराफा कारोबारी कपिल आसटकर से हुई लूट के आरोपित अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।

