बुलंद सोच, बालाघाट।

बालाघाट के वारासिवनी में एक बैटरी चलित स्कूटी में अचानक आग लगने से उसमें बैठे प्रेम यादव के दोनों हाथ झुलस गए। घटना के बाद उनके पिता रंजीत यादव ने उन्हें तुरंत शासकीय चिकित्सालय वारासिवनी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। रंजीत यादव ने बताया कि वे अपने पुत्र के साथ दवा लेने जा रहे थे। कोसरीटोला चंदोरी के रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन आने के कारण उन्होंने स्कूटी रोकी थी। इसी दौरान स्कूटी में स्पार्किंग होने लगी, जो तेजी से फैल गई और चिंगारी चाबी तथा एक्सीलरेटर तक पहुंच गई। इस हादसे में प्रेम यादव के हाथ चिंगारी की चपेट में आ गए, जिससे उनकी अंगुलियां झुलस गईं। चिकित्सालय में उपचार के बाद बालक की स्थिति स्थिर है।
मोटरसाइकिल दुर्घटना में दो घायल
हट्टा थाना क्षेत्र के लिंगा रोड पर ग्राम खैरगांव के पास रविवार शाम मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिरने से दो युवक घायल हो गए। घायलों को डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया है। घायल सुनील पिता भागचंद टेकाम (35 वर्ष) और अजय पिता भैयालाल उइके (28 वर्ष) दोनों ग्राम डुंडासिवनी, थाना हट्टा के निवासी हैं। दोनों मजदूरी का काम करते हैं। वे अपनी रिश्तेदारी में ग्राम परसवाड़ा गए थे। शाम 4 बजे लौटते समय खैरगांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इस हादसे में सुनील के सिर में चोट आई है, जबकि अजय के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है।

