बुलंद सोच, धामनोद।

धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर और केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर के बीच मतभेद का मामला भोपाल तक पहुंच गया है। यह मतभेद धामनोद नगर परिषद की सीएमओ माया मंडलोई की कार्यप्रणाली को लेकर है।
भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को संबंधित पक्षों से चर्चा की। विधायक कालू सिंह ठाकुर, केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर सहित अन्य संबंधित पक्षों से अलग-अलग स्तर पर चर्चा किए जाने की जानकारी सामने आई है।
धामनोद नगर परिषद की सीएमओ माया मंडलोई तथा नगर परिषद अध्यक्ष और उनके प्रतिनिधि को भी भोपाल बुलाया गया। वहां नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव स्तर पर भी पूरे मामले को लेकर चर्चा हुई और संबंधित पक्षों ने अपना-अपना पक्ष रखा।
मामले का घटनाक्रम
यह मामला उस समय तूल पकड़ा था, जब विधायक कालू सिंह ठाकुर ने नौ अक्टूबर से केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर के निवास के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने की घोषणा की थी।
विधायक ने धामनोद की जनसमस्याओं और विकास कार्यों में आ रही बाधाओं का हवाला दिया था। उन्होंने सीएमओ की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई थी।
इस घोषणा के बाद भाजपा संगठन सक्रिय हुआ। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से विधायक ठाकुर को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
पूरे घटनाक्रम को लेकर इंटरनेट मीडिया पर भी लगातार चर्चा हो रही है।

