सीहोर शहर के मंडी थाना क्षेत्र स्थित जमुनिया रोड पर रविवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सेमदाखेड़ी निवासी 30 वर्षीय इमरान और जमुनिया टैंक निवासी 20 वर्षीय रीतेश ठाकुर के रूप में हुई है। हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। मंडी थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। जबलपुर के रहने वाले छह दोस्त हाथीनाला वॉटरफॉल से लौटते समय जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर हाईवे किनारे फोटो ले रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर चालक की तलाश कर रही है।