बुलंद सोच, बड़वानी।
बड़वानी के वरला थाना क्षेत्र के दुगानी गांव के रामजी फलिया में गुरुवार को एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ 60 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। इस घटना में महिला और दोनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बच्चों के फेफड़ों में पानी भर गया, जबकि महिला की मृत्यु पानी में दम घुटने से हुई। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय माया पत्नी प्रदीप कनोजे, उनकी तीन वर्षीय बेटी सलोनी और डेढ़ वर्षीय बेटे अयान के रूप में हुई है।
ग्रामीणों और पुलिस की प्रतिक्रिया
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण कुएं के पास एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर वरला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से तीनों को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए वरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मां और दोनों मासूम बच्चों के शव देखकर परिवार में शोक का माहौल छा गया। आसपास मौजूद ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाते नजर आए।
पुलिस जांच
एसडीओपी अजय वाघमारे ने बताया कि तीनों शवों को वरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पोस्टमॉर्टम कक्ष में रखवाया गया है। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

