बुलंद सोच, नरसिंहपुर।
नरसिंहपुर के गोटेगांव थाना क्षेत्र में एक आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और उसकी निर्मम हत्या की वारदात सामने आई है।
तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली यह बच्ची पांच अगस्त को स्कूल जाने के बाद लापता हो गई थी।
पुलिस और ग्रामीणों द्वारा देर रात की गई तलाश के दौरान उसका शव गांव के समीप जंगल में बरामद हुआ।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने गुरुवार को बताया कि बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल नौ विशेष टीमों का गठन कर उसकी तलाश शुरू की।
जांच के दौरान मिले तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गांव के ही एक युवक पर संदेह गहराया।
पूछताछ और उसके मोबाइल की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्ची को मोटरसाइकिल से घने जंगल में ले गया, जहां उसने उसके साथ कथित दुष्कर्म किया।
इसके बाद आरोपी ने गला घोंटकर हत्या करने का प्रयास किया और पानी में मुंह के बल दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जंगल से फरार हो गया था।
पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपी गांव में मकानों में टाइल्स लगाने का काम करता है और उसकी शादी हो चुकी है।
उसकी पत्नी गर्भवती होने के कारण इन दिनों मायके में रह रही है। घटना वाले दिन ठेकेदार की छुट्टी होने से वह काम पर नहीं गया था।
बच्ची का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी को जंगल से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास कर रहा था।
गिरफ्तारी के दौरान उसे चोट भी आई।
पुलिस अब घटनास्थल का रीक्रिएशन कराएगी और वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने बताया कि मामले में मजबूत साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और फास्ट ट्रैक कोर्ट में शीघ्र सुनवाई कराकर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि विवेचना तेजी से पूरी कर जल्द ही न्यायालय में आरोप पत्र प्रस्तुत किया जाएगा।
इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

