BREAKING NEWS
2026-10-17

बैतूल में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान 17 वर्षीय छात्रा की मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बैतूल।

बैतूल में शुक्रवार रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान एक 17 वर्षीय छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। यह घटना जेएच कॉलेज परिसर में हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका की पहचान प्रतीक्षा पिता नितेश वर्मा (17) के रूप में हुई है। वह सुहागपुर ढाना, थाना शाहपुर बैतूल की निवासी थी और विकास नगर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। प्रतीक्षा जेएच कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस कॉलेज परिसर से निकाला जा रहा था। प्रतीक्षा अपनी सहेलियों के साथ जुलूस देखने पहुंची थी। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतिका के चाचा मोहन दास ने कार्यक्रम के दौरान बज रहे तेज डीजे साउंड को छात्रा की तबीयत बिगड़ने और उसकी मौत की वजह बताया है। हालांकि, छात्रा की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने बताया कि यह तेज आवाज के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय वजह थी, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement