BREAKING NEWS
2026-08-10

काम-धंधे के विवाद में बेटे ने कुल्हाड़ी से की पिता की हत्या

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बेतुल।

जिले के बीजादेही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रतनढाना में एक पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। काम-धंधा नहीं करने की बात को लेकर हुए विवाद में एक पुत्र ने कथित रूप से अपने ही पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

Advertisement

सिर पर गंभीर चोट लगने से 60 वर्षीय वृद्ध रामदयाल काजले की मृत्यु हो गई।

मृतक के रिश्तेदार सुमरत काजले ने पुलिस को बताया कि चार अगस्त की रात स्वजन ने सूचना दी थी कि राजू काजले अपने पिता रामदयाल काजले से काम-धंधे की बात को लेकर विवाद कर रहा है। सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे, तो रामदयाल काजले गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे।

उनके सिर पर कुल्हाड़ी के कई गहरे घाव थे और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। स्वजन ने घायल के सिर पर कपड़ा बांधकर खून रोकने का प्रयास किया, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई।

कुछ ही देर बाद रामदयाल काजले ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

बीजादेही पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपित 43 वर्षीय राजू काजले के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

मामले की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक जी.पी. बिल्लोरे का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा आरोपित की गिरफ्तारी के बाद घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत पड़ताल की जाएगी।