बुलंद सोच, देवास।

कांटाफोड़ थाना प्रभारी अभिषेक गौतम ने बताया कि चार अगस्त को वार्ड क्रमांक 14 कांटाफोड़ निवासी 32 वर्षीय सुनीता भील द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना कांटाफोड़ पुलिस ने मौका मुआयना किया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम के दौरान सुनीता भील के शरीर पर चोटों के निशान मिलने से मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद डॉक्टरों की अंतिम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत मारपीट से लगी गंभीर चोटों के कारण हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और स्वजन व घटना के समय मौजूद बच्ची के कथन दर्ज किए। जांच में सामने आया कि आरोपी जितेन्द्र भील ने शराब पीने के बाद अपनी पत्नी सुनीता भील के साथ मारपीट की थी, जिससे उसकी मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी जितेन्द्र भील ने घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए साड़ी का फंदा बनाकर शव को छत से लटका दिया था।
पुलिस ने भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी जितेन्द्र भील के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

