BREAKING NEWS
2026-10-17

भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच टिकटों की फर्जी बिक्री सोशल मीडिया पर, एमपीसीए ने सतर्क रहने को कहा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच।

शहर में 11 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज इंटरनेशनल टी-20 मैच के टिकटों को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। इंटरनेट मीडिया पर मैच के टिकटों की बिक्री से जुड़ी जानकारी साझा की जा रही है, जबकि अभी तक न तो टिकटों की दरें तय हुई हैं और न ही बिक्री की तारीख पर कोई निर्णय लिया गया है। मामला सामने आने पर मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) ने क्रिकेट प्रेमियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Advertisement

होलकर स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच खेला जाना है, जो दोनों देशों के बीच पांच मैचों की श्रृंखला का तीसरा मुकाबला होगा। मेजबान एमपीसीए ने इस मैच के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट, वीडियो और रील्स में टिकटों की जानकारी दी जा रही है। इनमें टिकटों की कीमतें 800 रुपए से लेकर 7 हजार रुपए तक बताई जा रही हैं। कुछ वीडियो में दोनों टीमों के खिलाड़ियों और कप्तानों की प्रोफाइल भी बताई जा रही है, जिनमें सूर्यकुमार को भारत का कप्तान बताया गया है, जबकि वे टीम में शामिल नहीं हैं।

एमपीसीए का बयान

एमपीसीए सचिव सुधीर असनानी ने बताया कि भारत-वेस्टइंडीज मैच के लिए टिकटों की बिक्री अभी शुरू नहीं हुई है और संगठन ने अभी तक टिकटों की कीमत तय नहीं की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर टिकटों की गलत कीमत का प्रचार किया जा रहा है और दर्शकों को ऑनलाइन टिकटों की बिक्री में होने वाली धोखाधड़ी से सतर्क रहना चाहिए।

क्राइम ब्रांच की प्रतिक्रिया

एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने जानकारी दी कि फिलहाल उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने बताया कि पिछली बार की धोखाधड़ी को देखते हुए एमपीसीए से चर्चा कर गाइडलाइन तैयार की जाएगी।