बुलंद सोच, भिंड।

भिंड के मेहगांव थाना अंतर्गत वार्ड 8 में एक 18 वर्षीय नवविवाहिता ने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना 19 अगस्त की शाम करीब 6 बजे से रात 8 बजे के बीच की बताई गई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतका शिवानी, जो कृष्णपाल गौतम की पत्नी थी, को उसके ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रताड़ना से परेशान होकर शिवानी ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
आरोपी ससुरालियों में पति कालू उर्फ कृष्णपाल पुत्र संग्राम सिंह गौतम, जेठ मंगलसिंह पुत्र संग्राम सिंह गौतम, सास मीनू उर्फ कमलादेवी पत्नी संग्राम सिंह गौतम और ससुर संग्राम सिंह गौतम शामिल हैं। ये सभी वार्ड आठ, मौ रोड, मेहगांव के निवासी हैं।
पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के इन चारों लोगों के खिलाफ अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का प्रकरण दर्ज किया है।
मेहगांव थाना टीआई रविंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है, और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

