BREAKING NEWS

बालाघाट में नाले में बहने से 39 वर्षीय व्यक्ति की मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बालाघाट।

लांजी थाना क्षेत्र के कोसमारा और खोलमारा के बीच बहने वाले पिपरई नाले में बह जाने से एक 39 वर्षीय व्यक्ति की दुखद मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार सुबह शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान ग्राम पौनी निवासी रामदास पिता भागचंद मेश्राम के रूप में की गई है।

Advertisement

घटनाक्रम

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पोला पर्व था। रामदास शुक्रवार शाम लगभग छह बजे तक अपने घर पर मौजूद थे, जिसके बाद वह बिना किसी को बताए कहीं चले गए। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा और वर्षा के कारण कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए, तो उन्होंने पिपरई नाले की पुलिया के किनारे एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिजन और कोसमारा के सरपंच दिलीप धनौले भी मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान रामदास मेश्राम के रूप में हुई।

हादसे का कारण और स्थानीय मांगें

आशंका जताई जा रही है कि शुक्रवार रात को नाला पार करते समय रामदास तेज बहाव में बह गए होंगे। शुक्रवार को लांजी क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई थी, जिससे नाला उफान पर था। कोसमारा के सरपंच दिलीप धनौले ने बताया कि पिपरई नाले पर बनी पुलिया की ऊंचाई बहुत कम है और कई बार लोग जान जोखिम में डालकर नाला पार करते हैं। सरपंच ने यह भी बताया कि पुलिया को ऊंचा कर पक्का पुल बनाने की मांग क्षेत्रीय विधायक राजकुमार कर्राहे से कई बार की जा चुकी है, लेकिन इस ओर आज तक ध्यान नहीं दिया गया। सरपंच के अनुसार, यदि समय रहते पुलिया का निर्माण हो जाता तो शायद यह हादसा टल जाता।

पुलिस कार्रवाई

लांजी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।