BREAKING NEWS
2026-08-04

ट्रैफिक थाने के एएसआई देवेंद्र सिंह जादौन ने सरकारी आवास में फांसी लगाई

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भिंड।

भिंड शहर के ट्रैफिक थाने में पदस्थ एएसआई देवेंद्र सिंह जादौन ने पुलिस लाइन स्थित अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना का खुलासा सोमवार सुबह उस समय हुआ, जब रोज की तरह सफाई करने पहुंची महिला कर्मचारी ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, एएसआई जादौन सरकारी क्वार्टर में अकेले रहते थे, जबकि उनकी पत्नी और अन्य स्वजन ग्वालियर में निवास करते हैं।

सफाईकर्मी सुबह करीब आठ बजे पहली बार पहुंची थी, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। करीब दो घंटे बाद दोबारा आने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने पड़ोस में रहने वाले पुलिसकर्मी के स्वजनों को इसकी जानकारी दी। पड़ोसी ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो एएसआई जादौन पंखे से फंदे पर लटके हुए दिखाई दिए।

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश शाक्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत और एएसपी प्रदीप पटेल भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

बताया गया है कि मृतक का छोटा भाई विक्रम सिंह भी पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ है और वर्तमान में नयागांव थाने में कार्यरत है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटनास्थल से किसी सुसाइड नोट की जानकारी सामने नहीं आई है और आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है।

भिंड के एएसपी प्रदीप पटेल ने बताया कि एएसआई देवेंद्र सिंह जादौन के फांसी लगाने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।