बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर के स्कीम नंबर 54 क्षेत्र में पुलिस ने एक होटल के कमरे से एक महिला का शव बरामद किया है। महिला ने जहर खाकर आत्महत्या की है, लेकिन पुलिस को फिलहाल आत्महत्या की वजह का पता नहीं चल सका है।
मृतका की पहचान 26 वर्षीय ताहिरा के रूप में हुई है, जिसके एक बेटा और एक बेटी हैं। वह खंडवा की निवासी थी और माइग्रेन की बीमारी से पीड़ित थी, जिसके इलाज के लिए वह अक्सर इंदौर आती थी।
रविवार को भी ताहिरा इलाज के लिए ही इंदौर आई थी और उसने होटल व्यू में एक कमरा बुक किया था।
काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने दूसरी चाबी का उपयोग कर कमरा खोला, जहां महिला का शव बिस्तर पर पड़ा मिला।
होटल प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने खंडवा में महिला के परिजनों को भी घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिजन शाम तक इंदौर पहुंच गए। परिजनों ने भी आत्महत्या की असली वजह से अनभिज्ञता जताई। उनका कहना है कि बीमारी के कारण ताहिरा अक्सर परेशान रहती थी।
हालांकि, उसने आत्महत्या क्यों की, इस बात का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है।

