BREAKING NEWS
2026-08-04

भोपाल: कांग्रेस ने महापौर की तस्वीर के साथ गड्ढों में लगाए ‘बेशर्म’ के पौधे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल में शहर की जर्जर सड़कों और जलभराव की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को वार्ड 41 में एक अनोखा प्रदर्शन किया।

Advertisement

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रहवासियों के साथ मिलकर महापौर मालती राय का फोटो हाथों में लेकर सड़क के गड्ढों के बीच बैठकर पानी से भरे गड्ढों में बेशर्म के पौधे लगाए। इस प्रदर्शन का उद्देश्य नगर निगम और जिला प्रशासन का ध्यान बदहाल सड़कों की ओर आकर्षित करना था।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों में भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहा है।

नेताओं ने कहा कि भाजपा की महापौर, क्षेत्रीय विधायक और पार्षद होने के बावजूद वार्ड 41 की अधिकांश सड़कें जर्जर हालत में हैं।

बाग फरहत अफजा और ऐशबाग की मुख्य सड़कों पर बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी होती है और हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है।

कांग्रेस नेता मो. शावर खान ने बताया कि क्षेत्र में तीन बार भूमिपूजन होने के बावजूद सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ है।

खान के अनुसार, खराब सड़कों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं और बारिश में जलभराव से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध स्वरूप महापौर निवास पर भी बेशर्म के पौधे लगाएंगे।