बुलंद सोच, उज्जैन।
उज्जैन जिले के महिदपुर रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह रतलाम से कोटा जा रही पैसेंजर मेमू ट्रेन के इंजन पर अचानक 25 हजार केवी की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन का तार टूटकर गिर गया। हाई वोल्टेज तार गिरते ही इंजन में आग लग गई।
इस घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। इंजन से आग की लपटें उठती देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। करंट फैलने की आशंका के बीच कई यात्रियों ने घबराकर चलती ट्रेन से छलांग लगा दी।
हालांकि ट्रेन आगे बढ़ गई और टूटा हुआ ओएचई तार पीछे रह गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रेलवे ने संभाली स्थिति, यातायात प्रभावित
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे ने प्रभावित ट्रैक पर बिजली आपूर्ति बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया तथा इसके बाद आग पर काबू पाया गया। कुछ समय तक रेल यातायात भी प्रभावित रहा। आगजनी के कारण इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस तथा अवध एक्सप्रेस करीब आधा घंटा देरी से रवाना की गई।
जांच शुरू, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर ओएचई लाइन टूटने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। यात्रियों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रेन नहीं निकलती या तार किसी अन्य डिब्बे पर गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
यात्रियों ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि महिदपुर रोड क्षेत्र में पिछले दो महीनों के दौरान ओएचई तार टूटने की तीन से चार घटनाएं हो चुकी हैं।
इसके बावजूद रेलवे प्रशासन ने स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए। उनका कहना है कि समय रहते रखरखाव नहीं होने से यात्रियों की जान बार-बार जोखिम में पड़ रही है।

