बुलंद सोच, भोपाल।
भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर लंबे समय से दो ही एयरलाइंस ऑपरेटर कार्यरत हैं। अब सरकारी कंपनी एलायंस एयर तीसरे ऑपरेटर के रूप में अपनी सेवाएँ देगी, जिससे लंबे समय बाद क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ने की उम्मीद है।
यह कंपनी इस साल भोपाल से जबलपुर, ग्वालियर और रायपुर तक उड़ानें प्रारंभ कर सकती है।
एलायंस एयर ने करीब पाँच साल बाद भोपाल से एक बार फिर उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है।
कंपनी ने रीवा, कोलकाता और पटना को भोपाल से जोड़ने का निर्णय लिया है। इन रूटों पर कंपनी ने शेड्यूल जारी कर बुकिंग भी प्रारंभ कर दी है।
भोपाल से कोलकाता और पटना के लिए उड़ानें प्रारंभ करने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जिसे कंपनी अब पूरा करने जा रही है।
एलायंस एयर ने कुछ समय पहले भोपाल से जबलपुर, ग्वालियर और रायपुर-बिलासपुर उड़ानें शुरू की थीं, लेकिन ये उड़ानें लंबे समय तक संचालित नहीं हो सकी थीं।
कंपनी भारत सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के तहत देश भर में क्षेत्रीय उड़ानों का संचालन करती है। सरकार अब उड़ान योजना को बढ़ावा दे रही है, जिसे देखते हुए भोपाल से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।
एलायंस एयर पहले एयर इंडिया की सहयोगी कंपनी थी। वर्ष 2022 में एयर इंडिया का स्वामित्व टाटा समूह के पास चला गया, लेकिन एलायंस एयर भारत सरकार के पास ही रही। इसका संचालन अब एआई एसेट होल्डिंग लिमिटेड करती है।
मध्य प्रदेश में गर्भवती महिलाओं के लिए यह बड़ी राहत है कि सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं में सोनोग्राफी की सुविधा न होने पर निजी सेंटरों में यह मुफ्त होगी।
एयरपोर्ट डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी ने बताया कि एलायंस एयर के तीसरे ऑपरेटर के रूप में उड़ानें प्रारंभ करने के लिए क्षेत्रीय कनेक्शन हेतु स्लॉट देने को तैयार हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उड़ानों की संख्या बढ़ेगी।
वर्तमान में भोपाल से केवल एयर इंडिया और इंडिगो की उड़ानों का संचालन हो रहा है। एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई रूट पर अपनी सहयोगी कंपनी एआई एक्सप्रेस के विमान भी संचालित कर रही है।

