BREAKING NEWS
2026-08-08

भोपाल: 15 वर्षीय किशोरी से रिश्तेदार ने किया दुष्कर्म, बच्चे के जन्म के बाद पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

राजधानी भोपाल में एक रिश्तेदार द्वारा 15 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म और दैहिक शोषण का मामला सामने आया है।

Advertisement

यह खुलासा लगभग एक साल बाद तब हुआ जब किशोरी को प्रसव पीड़ा हुई और उसने अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद यह मामला पुलिस तक पहुंचा।

घटनास्थल को लेकर करीब 15 दिन तक मंडीदीप और कजलीखेड़ा थानों के बीच फाइल घूमती रही। अंततः कजलीखेड़ा पुलिस ने काउंसलिंग के बाद रिश्तेदार युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, 15 वर्षीय किशोरी अपने परिवार के साथ रहती है और उसने स्कूल की पढ़ाई छोड़ दी है। एक रिश्तेदार युवक का उसके घर आना-जाना था।

करीब एक साल पहले जब बालिका घर में अकेली थी, तब युवक ने घर में घुसकर उससे दुष्कर्म किया था।

पिछले दिनों पीड़िता गर्भवती हुई और एक अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया, जिससे इस घटना का पर्दाफाश हुआ। युवक ने पहले बालिका से शादी करने का वादा किया था।

पीड़िता के स्वजनों ने भी सामाजिक बदनामी के डर से शुरुआत में एफआईआर दर्ज करवाने से इनकार कर दिया था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि उन्हें जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद उन्होंने स्वजनों से संपर्क किया।

कजलीखेड़ा पुलिस ने पहले जीरो पर कायमी की थी। थाना प्रभारी पल्लवी पांडे ने बताया कि घटना को लेकर पीड़िता के बयान कई बार बदले गए।

पीड़िता ने पहले मंडीदीप में घटना होना बताया था, जिसके बाद केस डायरी मंडीदीप थाने पहुंची। जब पुलिस ने वहां बयान लिए, तो पीड़िता ने वापस कजलीखेड़ा में घटना होना बताया। इसके बाद केस डायरी वापस आई और पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।

पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।