BREAKING NEWS
2026-10-17

भोपाल में अनंत चतुर्दशी पर गणेश विसर्जन के लिए व्यापक इंतजाम

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल नगर निगम ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए शहर के प्रमुख विसर्जन स्थलों, कुंडों और घाटों पर व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। निगम ने अनंत चतुर्दशी पर होने वाले विसर्जन को देखते हुए क्रेन, पोकलेन मशीन, गोताखोर, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू वाहनों सहित बड़ी संख्या में संसाधन तैनात किए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए सात प्रमुख विसर्जन स्थलों पर 13 क्रेन, 12 पोकलेन मशीनें, 184 गोताखोर और 98 फायरकर्मी तैनात किए गए हैं। नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने विसर्जन व्यवस्था को विसर्जन समाप्त होने तक व्यवस्थित बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल और प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी है। संबंधित जोन के कार्यपालन यंत्री, जोनल अधिकारी और सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

Advertisement

घाटों पर विशिष्ट तैनाती

प्रेमपुरा घाट पर 4 क्रेन, 2 पोकलेन, अलग-अलग शिफ्ट में 46 गोताखोर और 24 फायरकर्मी तैनात किए गए हैं। रानी कमलापति घाट पर 2 क्रेन, 2 पोकलेन, 36 गोताखोर और 12 फायरकर्मी की व्यवस्था की गई है। बैरागढ़ विसर्जन घाट पर 2 क्रेन, 2 पोकलेन, 18 गोताखोर और 12 फायरकर्मी तैनात हैं। खटलापुरा विसर्जन घाट पर 1 क्रेन, 1 पोकलेन, 18 गोताखोर और 12 फायरकर्मी मौजूद रहेंगे। मालीखेड़ी विसर्जन घाट पर 2 क्रेन, 2 पोकलेन, 12 गोताखोर और 11 फायरकर्मी की तैनाती की गई है। हथाईखेड़ा विसर्जन घाट पर 2 क्रेन, 2 पोकलेन, 36 गोताखोर और 13 फायरकर्मी उपलब्ध रहेंगे। शाहपुरा विसर्जन घाट पर 1 पोकलेन, 18 गोताखोर और 13 फायरकर्मी तैनात किए गए हैं।

सुरक्षा एवं सुविधाएँ

सभी प्रमुख विसर्जन घाटों पर फायर फाइटर और रेस्क्यू वाहन के साथ लाइफ जैकेट, लाइफबॉय, ट्यूब, रस्सी और कांटे सहित अन्य जीवनरक्षक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं देने और सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रत्येक घाट पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जिनमें वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। सूचना फ्लैक्स और ध्वनि यंत्र भी लगाए गए हैं।

प्रकाश और अन्य व्यवस्थाएँ

विसर्जन के दौरान रात में पर्याप्त रोशनी के लिए नगर निगम ने सात प्रमुख घाटों पर 1090 एलईडी फ्लड लाइट लगाई हैं। वहीं, विसर्जन जुलूस और चल समारोह के मार्गों पर 575 अतिरिक्त फ्लड लाइट लगाई गई हैं, इस तरह घाटों और जुलूस मार्गों पर कुल 1665 एलईडी फ्लड लाइट से प्रकाश व्यवस्था की गई है।
निगम द्वारा विसर्जन स्थलों और चल समारोह मार्गों पर साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, बिजली के तारों का संधारण, पेड़ों की आवश्यकतानुसार कटाई-छंटाई और आवारा मवेशियों को हटाने की व्यवस्था भी की जा रही है। निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विसर्जन स्थलों पर मूर्तियों के अवशेष तत्काल हटाए जाएं, ताकि घाटों पर सफाई बनी रहे और नई प्रतिमाओं के विसर्जन में परेशानी न हो। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए हैं।