बुलंद सोच, भोपाल।

राजधानी भोपाल में बिना अनुमति शराब परोसने वालों पर आबकारी विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गुलमोहर स्थित बनतारा रेस्टोरेंट में बिना बार लाइसेंस के अवैध रूप से शराब परोसने का मामला सामने आया है।
आबकारी टीम ने देर रात दबिश देकर करीब 100 बल्क लीटर से अधिक विदेशी शराब और बीयर जब्त की। आबकारी अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार की रात मुखबिर की सूचना पर टीम ने गुलमोहर स्थित बनतारा रेस्टोरेंट पर छापा मारा। जांच के दौरान रेस्टोरेंट परिसर से कुल 100.14 बल्क लीटर विभिन्न ब्रांड की महंगी विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई।
टीम को पता चला कि रेस्टोरेंट संचालक के पास बार संचालन का कोई वैध लाइसेंस नहीं था, इसके बावजूद बार का प्रचार किया जा रहा था और ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसी जा रही थी।
कार्रवाई की भनक लगते ही रेस्टोरेंट संचालक मौके से फरार हो गया। वहीं, मौके पर मिले आरोपी अनिकेत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
अन्य गिरफ्तारी और विभाग का रुख
इधर, एक अन्य मामले में फरार आरोपी संजय जाट निवासी ग्राम निपानिया जाट को गिरफ्तार किया गया है।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ ने बताया कि बिना लाइसेंस शराब का संग्रहण, बिक्री या परोसने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध बार संचालन और शराब कारोबार में शामिल लोगों के साथ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।

