बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के विभिन्न वार्डों से सामने आ रही जनसमस्याओं के निवारण में दैनिक भास्कर ऐप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इस मंच के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं सीधे जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं। शिकायतें पोस्ट होते ही संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों को समय पर राहत मिल रही है।
वार्ड-58 में गड्ढे का समाधान, पार्षद राकेश यादव बने 'पब्लिक स्टार'
वार्ड-58 की भारती निकेतन कॉलोनी निवासी गौतम कश्यपी ने ‘भास्कर समाधान’ पर एक शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि एलआईजी-31 और 44 के सामने मोड़ पर एक बड़ा गड्ढा हो गया था, जो राहगीरों और वाहन चालकों को दिखाई नहीं देता था। इस गड्ढे से कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका थी। ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत सामने आने के बाद वार्ड 58 के पार्षद राकेश यादव ने मामले पर संज्ञान लिया और सड़क की मरम्मत कराकर गड्ढे का समाधान कराया, जिससे वे आज के ‘पब्लिक स्टार’ बने।

अशोका विहार में नियमित सफाई शुरू, कचरे के ढेर हटे
अशोका विहार नगर निगम कॉलोनी निवासी सर्वत खान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि देवांता हॉस्पिटल के पीछे नियमित झाड़ू नहीं लग रही थी और समय पर कचरा नहीं उठाया जा रहा था। इसके परिणामस्वरूप कॉलोनी में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए थे, जिससे दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा था। ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत पोस्ट होने के बाद संबंधित विभाग ने सफाई कराई और नियमित कचरा संग्रहण शुरू कराया। शिकायतकर्ता ने स्वयं ऐप पर इस समाधान की पुष्टि की है।
भोपाल में बनी हुई अन्य जनसमस्याएं
त्रिलंगा मेन रोड स्थित सौम्या प्रिविलेज के पास निवासी राजेश ने शिकायत दर्ज कराई है कि मॉल के सामने नाली निर्माण का काम अब तक पूरा नहीं हुआ है। कई जगहों पर नाली खुली होने से पानी जमा रहता है और जलभराव की समस्या बनी हुई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि इससे कभी भी हादसा हो सकता है। अयोध्या नगर स्थित पूजा कॉन्वेंट स्कूल के पास टिकोनिया पार्क क्षेत्र निवासी अरविंद सिंह परिहार ने शिकायत दर्ज कराई है कि पिछले एक महीने से स्ट्रीट लाइट बंद है। उनका कहना है कि पहले फोन करने पर कर्मचारी लाइट ठीक कर देते थे, लेकिन अब शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे अंधेरे के कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहम्मद अकबर ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके क्षेत्र में लगातार जलभराव की समस्या बनी हुई है। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान गलियों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है। गांधी नगर निवासी जितेन ने शिकायत दर्ज कराई है कि सड़क पर रोज कचरा जमा रहता है और समय पर नहीं उठाया जाता है। इससे पूरे मार्केट में गंदगी फैल रही है और दुकानदारों के साथ-साथ खरीदारी करने आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

'भास्कर समाधान' एक डिजिटल प्लेटफॉर्म
दैनिक भास्कर ऐप का ‘भास्कर समाधान’ एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की सिविक समस्याएं सीधे पोस्ट कर सकते हैं। शिकायत संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचती है। समस्या का समाधान होने पर उपयोगकर्ता इसकी जानकारी ऐप पर अपडेट भी कर सकते हैं। इस प्लेटफॉर्म पर संबंधित अधिकारी अपनी कार्रवाई की जानकारी भी साझा कर सकते हैं। अधिकारी मैप पर शिकायत की लोकेशन देखकर मौके पर कार्रवाई कर सकते हैं और समाधान होने पर ऐप के माध्यम से इसकी जानकारी दे सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ का उद्देश्य शहर के अलग-अलग हिस्सों की समस्याओं को सीधे जिम्मेदारों तक पहुंचाना है, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद हो सके और जनसमस्याओं का जल्द समाधान हो सके।

