BREAKING NEWS
2026-08-10

गैस कनेक्शन अपडेट के नाम पर टेंट कारोबारी से 50 हजार रुपये की ठगी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

राजधानी भोपाल में साइबर ठग अब सरकारी और घरेलू सेवाओं के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ईटखेड़ी थाना क्षेत्र में एक टेंट कारोबारी से गैस कनेक्शन का सत्यापन और अपडेट कराने का झांसा देकर 50 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई है।

ठगों ने पीड़ित के व्हाट्सएप पर एक फर्जी लिंक भेजी। इस लिंक के माध्यम से उन्होंने बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल की और फिर खाते से रकम निकाल ली।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, तिरुपति धाम कालोनी, लांबाखेड़ा निवासी 42 वर्षीय राकेश सिंह पाल टेंट हाउस का व्यवसाय करते हैं। उन्हें 31 जुलाई को अपने व्हाट्सएप पर घरेलू गैस कनेक्शन अपडेट करने का एक संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें एक लिंक भी शामिल थी।

राकेश सिंह पाल ने वह लिंक खोली और उसमें मांगी गई व्यक्तिगत तथा बैंकिंग जानकारी दर्ज कर दी। इसके बाद उन्हें गैस कनेक्शन अपडेट शुल्क जमा करने का विकल्प दिखाई दिया। भुगतान का उनका प्रयास असफल रहा।

भुगतान असफल रहने के कुछ ही देर बाद, उनके केनरा बैंक खाते से 50 हजार रुपये किसी अज्ञात खाते में स्थानांतरित हो गए। राशि कटने का संदेश मिलते ही उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

जांच के उपरांत यह मामला ईटखेड़ी थाने को भेजा गया है। ईटखेड़ी पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन और संबंधित मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।