BREAKING NEWS
2026-08-12

भोपाल में भारी बारिश के कारण नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते भोपाल शहर और बैरसिया का संपर्क टूट गया है। ईंटखेड़ी पर हलाली बाणगंगा नदी पुल के ऊपर बह रही है।

भोपाल कलेक्टर के निर्देश पर आज सभी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है।

Advertisement

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए रहेगा।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय भोपाल जिले में अत्यधिक बारिश की स्थिति को देखते हुए लिया गया है।

अवकाश का यह आदेश सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। इसमें मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड), सीबीएसई, आइसीएसई तथा अन्य बोर्ड से संबद्ध स्कूल भी शामिल हैं।

शिक्षकों और विद्यालयीन कर्मचारियों को अवकाश नहीं दिया गया है, हालांकि विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रहेंगे।

आदेश के मुताबिक सभी शिक्षक एवं कर्मचारी विद्यालयीन समय में अपने कार्यालय में उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य द्वारा 10 अगस्त को जारी आदेश में कहा गया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

निर्णय के कारण

प्रशासन ने लगातार बारिश के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय बारिश और जलभराव को देखते हुए लिया है।

खासकर निचले इलाकों में जलभराव और बारिश के दौरान आवागमन में आने वाली परेशानी को देखते हुए स्कूलों में विद्यार्थियों की आवाजाही रोकने का फैसला किया गया है।

स्कूल प्रबंधन को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।