बुलंद सोच, जबलपुर।

लोकायुक्त की शुरुआती कार्रवाई में लगभग पांच करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति सामने आई थी। अब इस संपत्ति का आंकड़ा आठ करोड़ रुपये से अधिक पहुंचने के संकेत मिले हैं।
आवास से मिले जेवरात और महंगी वस्तुएं
जांच के दौरान, अधिकारी के जबलपुर के आंबेडकर नगर स्थित मकान से लगभग 500 ग्राम सोने और सवा किलो चांदी के जेवरात सहित कई महंगी वस्तुएं बरामद हुई हैं। इस आलीशान मकान में पहली मंजिल तक जाने के लिए लिफ्ट भी लगाई जा रही थी।
सुभाष शर्मा और पत्नी के ठिकानों पर छापेमारी
एसपी लोकायुक्त अंजुलता पटले के निर्देश पर कार्रवाई जारी है। लोकायुक्त ने शनिवार को सुभाष शर्मा और उनकी पत्नी के ठिकानों पर छापेमारी की थी। शर्मा ने वर्ष 1989 में सहायक ग्रेड-तीन के पद से सरकारी सेवा शुरू की थी। दावा किया गया है कि उनके पास उनकी ज्ञात आय से कई गुना अधिक संपत्ति मिली है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
प्रारंभिक जांच में जमीन, मकान, दुकान और प्लाट में बड़े पैमाने पर निवेश की जानकारी सामने आई है। इस प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। जबलपुर लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले के मार्गदर्शन में डीएसपी रेखा प्रजापति और नीतू त्रिपाठी के नेतृत्व में टीमें सुभाष शर्मा और उनके स्वजन की संपत्तियों के दस्तावेजों तथा वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच में जुटी हैं।
फार्म हाउस में बारात घर बनाने की तैयारी
लोकायुक्त की जांच में पाटन के ग्राम लोहारी स्थित एक फार्म हाउस से जुड़ी संपत्ति भी सामने आई है। यहां सुभाष शर्मा बारात घर बनाने की तैयारी कर रहा था, और इससे संबंधित निर्माण कार्य शुरू भी कराया जा चुका था। टीम मौके पर पहुंचाई गई निर्माण सामग्री और उससे संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि संपत्तियों और निवेश का पूरा हिसाब सामने आने के बाद अनुपातहीन संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
स्वजन के नाम पर निवेश की आशंका
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि सुभाष शर्मा ने केवल अपनी पत्नी शीला शर्मा के नाम पर ही संपत्तियां नहीं खरीदी हैं, बल्कि करीबी स्वजन के नाम का इस्तेमाल कर भी जमीन-जायदाद में निवेश किया हो सकता है। लोकायुक्त टीम ऐसे स्वजन के बैंक खातों और संपत्ति संबंधी दस्तावेजों की जानकारी जुटा रही है। राजस्व रिकार्ड की जांच के बाद वास्तविक निवेश और स्वामित्व की स्थिति स्पष्ट होगी।
छह बैंक खातों से खुलेगा लेन-देन का राज
लोकायुक्त टीम को अब तक सुभाष शर्मा और उनकी पत्नी के नाम पर लगभग छह बैंक खाते होने की जानकारी मिली है। सोमवार को बैंकों को पत्र भेजकर खातों का विस्तृत विवरण और लेन-देन की जानकारी मांगी जाएगी। इससे संपत्ति खरीदने और रकम के लेन-देन से जुड़े नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है। आंबेडकर कॉलोनी स्थित आलीशान मकान का वैल्युएशन भी कराया जा रहा है।

