BREAKING NEWS
2026-08-02

भोपाल: कटारा हिल्स में दो बच्चियों का दिनदहाड़े अपहरण, चरवाहे के हस्तक्षेप से बचीं

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

शुक्रवार दोपहर को भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित विवेकानंद कॉलोनी में दो मासूम बच्चियों के दिनदहाड़े अपहरण का मामला सामने आया। तीन नकाबपोश युवक और एक महिला कॉलोनी की पीछे की दीवार और जाली फांदकर अंदर घुसे। उन्होंने पार्किंग के पास खेल रही 12 वर्षीय दो बच्चियों को उठाकर जंगल की ओर ले गए। जंगल में बच्चियों के साथ मारपीट की गई और गलत हरकत करने का प्रयास किया गया। इसी दौरान पास में मौजूद एक चरवाहे की नजर आरोपितों पर पड़ गई। चरवाहे के शोर मचाने और उनकी ओर बढ़ने पर आरोपित बच्चियों को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।

Advertisement

पुलिस जांच और पीड़ितों की जानकारी

घटना के बाद पुलिस ने करीब तीन घंटे तक सर्चिंग की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। पीड़ितों के स्वजनों ने एफआईआर करवाने से इनकार कर दिया है। कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे ने बताया कि बच्चियां सुरक्षित अपने स्वजन के पास पहुंच गई हैं। बच्चियों के स्वजन ने किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत या एफआईआर दर्ज कराने से इनकार किया है। इसके बावजूद पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, बच्चियों में से एक बर्रई निवासी एनजीओ संचालक की बेटी है, जो छठवीं कक्षा की छात्रा है। वह स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की डांस रिहर्सल के लिए अपनी सहपाठी के घर विवेकानंद कॉलोनी आई थी। रिहर्सल के बाद दोनों मल्टी की पार्किंग के पास छुपन-छुपाई खेल रही थीं। इसी दौरान पीछे से पहुंचे नकाबपोश आरोपितों ने दोनों के मुंह पर कपड़ा डालकर उन्हें जबरन उठा लिया और पीछे बने जंगल की ओर ले गए। पुलिस को सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की गतिविधियां भी दिखाई दी हैं, जिनके आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।