बुलंद सोच, भोपाल।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को मिलावटी दुग्ध उत्पादों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। विभाग ने पटेल नगर स्थित श्रीराम डिस्ट्रीब्यूटर्स से लगभग 2,095 लीटर/किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया है। जब्त किए गए घी की अनुमानित कीमत 12.66 लाख रुपये बताई गई है।
घी की गुणवत्ता प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाए जाने के बाद विभाग ने पूरा स्टॉक सील कर दिया। अब घी की आपूर्ति श्रृंखला में शामिल निर्माता, सुपर स्टॉकनिस्ट, डिस्ट्रीब्यूटर और विक्रेताओं की जांच शुरू कर दी गई है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई सूचना के आधार पर 58 पटेल नगर, हमीदिया रोड स्थित श्रीराम डिस्ट्रीब्यूटर्स पर की गई। निरीक्षण के दौरान धौलपुर फ्रेश दानेदार देसी घी और गोवर्धन प्योर काउ घी की बड़ी मात्रा में पैकिंग मिली।
घी की गुणवत्ता संदिग्ध लगने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत पूरा स्टॉक जब्त कर लिया गया। जब्त किए गए स्टॉक में लगभग 655 किलोग्राम धौलपुर फ्रेश घी (कीमत लगभग 4.48 लाख रुपये) और लगभग 1,440 लीटर गोवर्धन घी (कीमत लगभग 8.18 लाख रुपये) शामिल है। विभाग ने दोनों उत्पादों के विधिक नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं।
जांच के दौरान यह भी पता चला है कि यह घी इंदौर स्थित सुपर स्टॉकनिस्ट और सीएंडएफ एजेंटों के माध्यम से भोपाल पहुंचा था। निर्माता से लेकर रिटेलर तक पूरी आपूर्ति श्रृंखला की पड़ताल की जा रही है।
शिवराज पावक ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित कंपनियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि दूध, घी, पनीर और मावा सहित सभी दुग्ध उत्पादों की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

