BREAKING NEWS
2026-10-17

किसान कुंजीलाल की पीट-पीटकर हत्या, आठ आरोपी गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के गुनगा थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन के दिन सौतेले बेटों और उनके साथियों ने एक किसान की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

Advertisement

यह घटना जमीन विवाद को लेकर हुई। किसान अपने बेटे के साथ बहन के घर राखी बंधवाने जा रहा था, तभी आरोपितों ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया।

पुलिस ने इस मामले में तीन सौतेले भाइयों समेत आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

मृतक किसान कुंजीलाल बिलखिरिया क्षेत्र के छावनी पठार में अपने परिवार के साथ रहते थे। रक्षाबंधन पर वह अपने बेटे के साथ पुश्तैनी गांव करोदिया गए थे।

इसी दौरान सौतेले बेटे पप्पू यादव, नितिन यादव, राहुल यादव सहित आठ लोगों ने पिता-पुत्र को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों को भानपुर स्थित एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान कुंजीलाल ने दम तोड़ दिया।

जमीन विवाद का इतिहास

पुलिस जांच में सामने आया है कि जमीन को लेकर यह विवाद साल 2019 से चल रहा था।

करीब दो दशक पहले कुंजीलाल ने गांव की एक विवाहित महिला से शादी की थी और उसके साथ रहने लगे थे। महिला के पहले पति से पप्पू, नितिन और राहुल समेत छह बच्चे थे।

कुंजीलाल और महिला के भी दो बच्चे हैं।

साल 2019 में महिला के पहले पति की मौत के बाद कुंजीलाल और उनकी पत्नी ने उसकी गुनगा स्थित जमीन पर दावा किया था।

इसी जमीन में हिस्सा देने को लेकर कुंजीलाल का सौतेले बेटों से लंबे समय से विवाद चल रहा था।

पुलिस जांच जारी

पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते हमले की बात सामने आई है।

थाना प्रभारी रिंकू जाटव ने बताया कि मामले में पप्पू, नितिन और राहुल समेत आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

हत्या के पीछे जमीन विवाद की भूमिका की जांच की जा रही है।