बुलंद सोच, भोपाल।
शहर में प्रतिदिन बिकने वाले दूध की शुद्धता को लेकर शनिवार को एक गंभीर मामला सामने आया। इतवारा रोड स्थित मोहम्मद फरहान की नन्हे चाचा दूध डेयरी के मिक्स दूध के नमूने में डिटर्जेंट की मौजूदगी पाई गई। इस डेयरी से प्रतिदिन लगभग 300 लीटर दूध ग्राहकों को बेचा जाता था।
खाद्य विश्लेषक की जांच रिपोर्ट में नमूने को ‘असुरक्षित’ घोषित किया गया। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने डेयरी का खाद्य पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, नन्हे चाचा डेयरी से मिक्स दूध के नमूने 27 जुलाई को लिए गए थे। इन नमूनों को खाद्य परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था।
4 अगस्त को प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, मिक्स दूध में डिटर्जेंट की उपस्थिति दर्ज की गई। खाद्य विश्लेषक ने दूध में डिटर्जेंट मिलने की पुष्टि करते हुए नमूने को खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से असुरक्षित माना।
निलंबन आदेश में यह भी कहा गया है कि दूध और दुग्ध उत्पाद सीधे मानव उपयोग में आते हैं, इसलिए मिक्स दूध में डिटर्जेंट की मौजूदगी एक गंभीर खाद्य सुरक्षा अनियमितता है। विभाग ने रिपोर्ट के आधार पर माना कि प्रतिष्ठान से विक्रय के लिए उपलब्ध मिक्स दूध सुरक्षित नहीं था।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि बिना आवश्यक सुधार और प्रभावी नियंत्रण के कारोबार जारी रखना सार्वजनिक स्वास्थ्य के हित में उचित नहीं है। अतः, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 व संबंधित नियमों के तहत डेयरी का खाद्य लाइसेंस निलंबित किया गया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के अनुसार, डेयरी संचालक सीहोर के श्यामपुर इलाके और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की डेयरियों से प्रतिदिन दूध मंगवाता था। यहां से प्रतिदिन 200 से 300 लीटर दूध ग्राहकों को बेचा जाता था। उन्होंने इसे आमजन की सेहत के साथ खुला खिलवाड़ बताया और कहा कि प्राथमिक तौर पर खाद्य लाइसेंस निलंबित किया गया है, तथा जल्द ही एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
देसी घी में लेड की आशंका, 7 लाख का स्टॉक जब्त
इसी बीच, भोपाल की लैब रिपोर्ट से एक और मामले में हड़कंप मच गया, जिसमें देसी घी में लेड (सीसा) मिलने की आशंका जताई गई है। इसकी एक बूंद भी जानलेवा हो सकती है और इससे पेट दर्द, हाई बीपी तथा पैरालिसिस का जोखिम बढ़ रहा है।
मिलावट के संदेह पर, खाद्य सुरक्षा टीम ने शनिवार को मंगलवारा-जुमेराती क्षेत्र स्थित थोक कारोबारी शीतला पूजा भंडार पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 13 क्विंटल 94 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग सात लाख रुपये बताई गई है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के अनुसार, कार्रवाई के दौरान अरिहंत घी के 15 किलो वाले 33 टीन और मक्खनश्री घी के 60 टीन जब्त किए गए। मक्खनश्री घी के चार नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
टीम ने दोनों ब्रांड के घी के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही घी की गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी। विभाग ने जब्त स्टॉक को फिलहाल सुरक्षित रख लिया है।

