बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र अंतर्गत भौंरी इलाके में एक चार दिन की नवजात बच्ची का शव नाले से मिला है।
पहचान टैग से सुलझी गुत्थी
पुलिस ने कुछ ही देर में शव की गुत्थी सुलझा ली। बच्ची के पैर में बंधे पहचान टैग के आधार पर पुलिस उसके माता-पिता तक पहुंची।
परिजनों का दावा
परिजनों ने बताया कि बच्ची की मौत जन्म के कुछ ही समय बाद हो गई थी, जिसके बाद उसे भौंरी मार्ग स्थित एक स्थान पर दफना दिया गया था।
उनका कहना है कि लगातार बारिश के कारण मिट्टी बह गई और शव नाले तक पहुंच गया।
पुलिस जांच और कार्यवाही
थाना प्रभारी नीरज वर्मा के अनुसार, बुधवार दोपहर नाले में नवजात का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी।
जांच के दौरान बच्ची के पैर में अस्पताल का पहचान टैग मिला, जिससे उसकी पहचान संभव हो सकी।
मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। बच्ची के माता-पिता सीहोर में रहते हैं।
पुलिस द्वारा डॉक्टरों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। थाना प्रभारी नीरज वर्मा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

