बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र के 11 नंबर इलाके में शनिवार शाम को कमलानगर थाना के गुंडा स्क्वाड के पुलिसकर्मी एक बदमाश का पीछा कर रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक से एक आठ वर्षीय बच्ची टकराकर घायल हो गई। पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में थे, जिसके कारण लोगों ने उन्हें आम व्यक्ति समझ लिया और घेरकर झूमाझटकी व मारपीट की।
जानकारी के अनुसार, कमलानगर थाने में संपत्ति हड़पने के मामले में फरार बदमाश का पीछा करने के लिए पुलिसकर्मी दीपक कटियार और बलराम 11 नंबर क्षेत्र में गए थे। करीब छह बजे वे बदमाश का बाइक से पीछा कर रहे थे, जो स्वयं भी बाइक पर सवार था।
पीछा करने के दौरान 11 नंबर क्षेत्र में अचानक उनकी बाइक के सामने बच्ची आ गई, जिससे बाइक टकरा गई।
हादसे के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। बच्ची को सिर पर चोट लगी और खून बहने लगा। घायल बच्ची को पुलिसकर्मियों ने हजेला अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्रत्यक्षदर्शी अखिलेश गिनारे ने बताया कि वर्दी में नहीं होने से भीड़ पुलिसकर्मियों को पहचान नहीं सकी और उनके साथ हाथापाई की। हालांकि, बाद में पुलिसकर्मियों ने अपने आइडी कार्ड दिखाए। अखिलेश गिनारे के अनुसार, किसी को भी चोट नहीं लगी।
हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि बच्ची को मामूली चोट आई है। उन्होंने यह भी बताया कि अभी किसी भी पक्ष से कोई शिकायत नहीं मिली है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

