बुलंद सोच, छिंदवाड़ा।

सौसर तहसील के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक मैंगनीज की खुली खदान में गहरे पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना खैरीतायगांव के पास गोवारीबढ़ोना में सामने आई है।
मृतक युवक की पहचान खैरीतायगांव निवासी ज्ञानेश्वर बागड़े के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, युवक ने गुरुवार सुबह लगभग आठ बजे खदान में जमा पानी में छलांग लगाई थी। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह सतह पर वापस नहीं आ सका और डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही लोधीखेड़ा पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। गहरे पानी से युवक को निकालने के लिए छिंदवाड़ा से एसडीईआरएफ की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। दो घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने युवक के शव को खोजकर बाहर निकाला।
ग्रामीणों ने बताया कि इस खदान का संचालन अग्रवाल कंपनी द्वारा किया जा रहा है। उनकी जानकारी के अनुसार, बिना फेंसिंग और सुरक्षा इंतजामों के संचालित हो रही इन खुली खदानों में बारिश का पानी जमा होने से आए दिन हादसे होते रहते हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में खदान प्रबंधन की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने जानकारी दी कि युवक के शव को गहरे पानी से बाहर निकाल लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर हादसे की गहराई से जांच की जा रही है।

