बुलंद सोच, भिंड।

भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र अंतर्गत लहार-सिकरी मार्ग पर गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में एक बाइक पर सवार मां-बेटे की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए।
मृतकों की पहचान लालपुरा निवासी 20 वर्षीय दिग्विजय उर्फ छोटू पुत्र रामनरेश विश्वकर्मा और उनकी 45 वर्षीय मां गुड्डी देवी पत्नी रामनरेश शर्मा के रूप में हुई है।
दूसरी बाइक पर सवार घायलों में हीरापुरा निवासी 21 वर्षीय अमन सिंह पुत्र बलराम सिंह राजावत और वार्ड क्रमांक 14, भीकमपुरा रोड लहार निवासी 45 वर्षीय भगवानदास पुत्र चिंटाई दौहरे शामिल हैं।
भगवानदास की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर इतनी जोरदार थी कि दिग्विजय उर्फ छोटू और उनकी मां गुड्डी देवी को गंभीर चोटें आईं तथा उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दूसरी बाइक पर सवार लोग कुछ सामान लेकर जा रहे थे।
पुलिस कार्रवाई एवं परिजनों का हाल
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
हादसे की खबर लालपुरा स्थित मृतकों के घर और मोहल्ले में पहुंचते ही स्वजनों में कोहराम मच गया तथा मातम छा गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मृतक दिग्विजय उर्फ छोटू परिवार में अपने बड़े भाई से छोटा था और उनके पिता किसान हैं।
एक ही हादसे में मां और बेटे की मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

