BREAKING NEWS
2026-10-17

देवास में मां की हत्या, बेटी गंभीर रूप से घायल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, देवास।

देवास अंचल के सतवास थाना क्षेत्र स्थित पुनर्वास गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक मकान में घुसकर हमला किया। इस घटना में 50 वर्षीय महिला माया की हत्या कर दी गई, जबकि उनकी 30 वर्षीय बेटी रानू गंभीर रूप से घायल हो गईं। बदमाशों ने धारदार हथियारों से वार किए।

Advertisement

प्राथमिक उपचार के बाद घायल रानू को इंदौर रेफर किया गया है। घटनाक्रम में रानू की 4 साल की बेटी पूरी तरह सुरक्षित बताई जा रही है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात बुधवार देर रात या अलसुबह की हो सकती है। वारदात मकान के अंदर होने के कारण आसपास के लोगों को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई।

बाद में, जब 4 वर्षीय बालिका मकान से अकेले बाहर निकली, तब आसपास के लोगों को शंका हुई। लोगों ने अंदर जाकर देखा तो मां और बेटी खून से लथपथ पड़ी हुई थीं। सूचना मिलने पर सतवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस द्वारा मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 50 वर्षीय माया पत्नी अशोक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी 30 वर्षीय बेटी रानू का उपचार कर उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, रानू रक्षाबंधन मनाने अपने मायके आई हुई थी और तभी से अपनी 4 साल की बेटी के साथ यहीं रह रही थी।

पुलिस जांच जारी

पुलिस द्वारा लूटपाट, रंजिश और लेनदेन जैसे विभिन्न बिंदुओं को लेकर जांच की जा रही है। हालांकि, फिलहाल हत्या करने वालों और हत्या के कारण का खुलासा नहीं हो पाया है।

कन्नौद एसडीओपी आदित्य तिवारी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल रानू के बयान देने की स्थिति में आने के बाद कुछ स्पष्ट हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।