बुलंद सोच, छिंदवाड़ा।
छिंदवाड़ा के उमरानाला चौकी क्षेत्र में देर शाम सिमरिया मंदिर के पास सड़क पार कर रहे 60 वर्षीय कैलाश कचौरे को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। कैलाश कचौरे अपने दोस्तों के साथ नागद्वारी यात्रा के लिए निकले थे।
यह हादसा इतना भीषण था कि कैलाश की मौके पर ही मौत हो गई और उनका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
घटना के समय उमरानाला चौकी प्रभारी राजेश साहू क्षेत्र में गश्त पर थे। हादसे की सूचना मिलते ही वे पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। प्रधान आरक्षक हेमंत और संतोष सहित स्थानीय निवासी उल्लू भाई ने पुलिस की मदद की।
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए शव को एकत्र करने के लिए चौकी से तीन चादरें मौके पर मंगवानी पड़ीं। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने शव को एकत्र कर चादरों में रखा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजने की कार्रवाई की गई।
दुर्घटना की भयावहता देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और लोगों को घटनास्थल से दूर किया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस कारण हुआ और ट्रक की पहचान सहित चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

