बुलंद सोच, छिंदवाड़ा।
छिंदवाड़ा के उमरानाला चौकी क्षेत्र स्थित कुकड़ीखापा वॉटरफॉल में पिकनिक मनाने गए एक युवक की सेल्फी लेने के दौरान हुए हादसे में मौत हो गई। युवक का पैर फिसलने से वह गहरी खाई और पानी में जा गिरा।
मृतक की पहचान 21 वर्षीय राहुल बरकड़े पुत्र गलीत बरकड़े के रूप में हुई है, जो ग्राम भाजीपानी (चांद) का निवासी था। उमरानाला चौकी प्रभारी राजेश साहू ने यह जानकारी दी।
राहुल बेंगलुरु में मजदूरी करता था और छुट्टियां बिताने अपने गांव आया हुआ था। शुक्रवार को वह अपने तीन दोस्तों के साथ कुकड़ीखापा वॉटरफॉल घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचा था।
बताया गया कि राहुल वॉटरफॉल के किनारे मोबाइल से सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह गहराई में गिर गया। उसके साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके।
इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलते ही उमरानाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, देर शाम अंधेरा होने और क्षेत्र दुर्गम होने के कारण रात में रेस्क्यू अभियान शुरू करना संभव नहीं था।
शनिवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस की अपील
बारिश के मौसम में कुकड़ीखापा वॉटरफॉल सहित अन्य प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर फिसलन और तेज बहाव के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे सेल्फी लेने या खतरनाक स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

