BREAKING NEWS
2026-08-12

भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल रविवार सुबह देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। टीटी नगर स्टेडियम से सैकड़ों युवाओं ने बारिश के बीच तिरंगा यात्रा निकाली। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस यात्रा का शुभारंभ किया।

उन्होंने तिरंगा लहराकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया और सभी से आजीवन देश की सेवा करने का संकल्प लेने की अपील की।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में देशभक्ति की अलख जगाने के लिए तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि देश की आजादी लंबे संघर्ष, क्रांतिकारियों के बलिदान और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें आजादी के इस पर्व को जिम्मेदारी और देशसेवा की भावना के साथ मनाना चाहिए।

टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुई इस तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। बारिश के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ, उन्होंने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाए और राष्ट्र सर्वोपरि का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में चलाए गए भारत छोड़ो आंदोलन ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी।

उन्होंने आगे कहा कि क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान के साथ अहिंसक आंदोलनों ने देश में आजादी की भावना को मजबूत किया, जिसके परिणामस्वरूप अंग्रेजों को भारत छोड़ना पड़ा और देश स्वतंत्र हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी हमें शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली है। हमें उनका स्मरण करते हुए अपने उत्तरदायित्व का पालन करना चाहिए।

उन्होंने कामना की कि भारत ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना के साथ आगे बढ़े और हमेशा स्वतंत्र एवं सशक्त बना रहे।

उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से देशभर में युवा, बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं देशसेवा का संकल्प ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी से आजीवन देश की सेवा और राष्ट्रहित के लिए काम करने का संकल्प लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भी शुरुआत की।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना के साथ भागीदारी करने की अपील की।