BREAKING NEWS
2026-08-12

ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस ने 3 घंटे में 23 वाहनों से अवैध हूटर-बत्तियां हटाईं

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर में अपनी गाड़ियों पर बगैर पात्रता के हूटर और लाल-पीली बत्ती लगाकर चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को सख्त कार्रवाई की। यह चेकिंग शाम सात बजे से रात 10 बजे तक चली।

Advertisement

इस अभियान के दौरान 23 वाहनों से हूटर और बत्ती उतारी गई। शहर की सड़कों पर ऐसे वाहन चालक खुलेआम घूमते थे, जिन्हें हूटर और बत्ती लगाने की पात्रता नहीं थी और वे इसका उपयोग रौब दिखाने के लिए करते थे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुजावल जग्गा ने ट्रैफिक थाना प्रभारी धनंजय शर्मा, केपी तोमर और अभिषेक रघुवंशी को इस कार्रवाई का टास्क दिया था। चेकिंग के दौरान हूटर लगाने वाले वाहनों पर सर्वाधिक कार्रवाई हुई, जिनके 23 चालान बनाए गए।

इसके अतिरिक्त, काली फिल्म लगाकर चलने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। इन चालकों से जुर्माना वसूला गया, जिसके बाद ही उन्हें छोड़ा गया।

आबकारी विभाग की कार्रवाई

आबकारी विभाग ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 69 लीटर हाथभट्टी शराब और 3200 किलोग्राम गुड़ लहान (शराब बनाने का कच्चा माल) बरामद किया। जब्त की गई शराब और नष्ट किए गए गुड़ लहान की अनुमानित कीमत 3 लाख 38 हजार 150 रुपये आंकी गई है।

आबकारी टीम ने वृत्त क्रमांक-चार के अंतर्गत मोहनपुर स्थित कंजर डेरे में दबिश दी। इस अभियान के दौरान शीला कंजर से 10 पाव देशी शराब प्लेन बरामद हुई, जिसके आधार पर उसके खिलाफ धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

वृत्त आंतरिक क्षेत्र के कंजर डेरे से 10 लीटर हाथभट्टी शराब जब्त की गई। एक अन्य मकान से भी तीन लीटर हाथभट्टी शराब बरामद हुई।

इन दोनों मामलों में न्यायालयीन प्रकरण दर्ज किए गए हैं।